हिसार। अर्बन एस्टेट-टू के लिए बनाई जा रही स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना में बरसारी पानी की निकासी के लिए डाबड़ा चौक से निरंकारी भवन रोड पर नाले की खोदाई का काम शुरू हो गया है। ऐसे में रोड को वन वे कर दिया गया है। यहां बरसाती नाले की सफाई की जाएगी। नाले से अर्बन एस्टेट टू के पानी को सेक्टर 13 के बरसाती नाले तक पहुंचाया जाएगा। रोड वन वे करने से वाहन चालकाें को परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप के बीच 10 से 15 मिनट इंतजार भी करना पड़ा।
अर्बन एस्टेट टू के लिए 8.41 करोड़ रुपये की इस योजना में अब तक लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना का उद्देश्य अर्बन एस्टेट-टू क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी को सुचारु बनाना है। योजना के तहत पानी की निकासी के लिए पंपिंग सिस्टम तैयार किया जा रहा है। अर्बन एस्टेट से निकलने वाला बरसाती पानी सिरसा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कुमारी सैलजा की कोठी के पास बनाए जा रहे पंप हाउस में एकत्र किया जाएगा। यहां से मोटरों की मदद से पानी को उठाकर डाबड़ा चौक से दिल्ली रोड की ओर जाने वाली मुख्य ड्रेनेज लाइन में डाला जाएगा।
परियोजना को चार ब्लॉकों में विभाजित किया गया है। ब्लॉक एक और दो में काम पूरा होने वाला है। ब्लॉक तीन तथा चार में अब तक काम शुरु नही नहीं किया गया है। दूसरे ब्लाक में न्यू यशोदा पब्लिक स्कूल से विश्वास स्कूल तक पाइपलाइन बिछाई जा रही है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की कोठी क्षेत्र से सूर्य नगर आरओबी तक फैले ब्लॉक चार में अभी काम शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में इस बरसात के सीजन में परियोजना के पूरी तरह से तैयार होने पर संशय बना हुआ है। पंपिंग सिस्टम पर आधारित इस योजना में बिजली आपूर्ति बाधित होने पर जल निकासी प्रभावित होने की संभावना भी जताई जा रही है।
निरंकारी भवन रोड के पास तिकोना पार्क में पंपिंग सेट बनाया जा रहा है। यहां भूजल ऊपर आने के चलते पंप सेट लगा कर जल निकासी की जा रही है। इसके बाद यहां पंप सेट लगाए जाएंगे। इन पंप सेट के जरिए बरसाती पानी को नाले के जरिए सेक्टर 13 तक पहुंचाया जाएगा। सेक्टर 13 से यह पानी ड्रेन में पहुंचेगा।