हांसी। भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के 9 और 10 जनवरी को हांसी, हिसार, नारनौंद और पेटवाड़ गांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण बुधवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक और उपायुक्त महेंद्र पाल ने किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों पर चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और शेष व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और उपायुक्त ने रूट प्लान, वाहन पार्किंग, मंच व्यवस्था, पौधारोपण स्थल, पेयजल, बिजली आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था समेत सभी प्रबंधों की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने दौरा कर सुरक्षा प्रबंधनों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के दौरे को लेकर व्यापक पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की जा रही है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गगनदीप मित्तल, उपमंडल न्यायिक न्यायाधीश आशुतोष, नारनौंद उपमंडल के एसडीएम विकास यादव, हांसी उपमंडल के एसडीएम राजेश खोथ, बार एसोसिएशन के प्रधान पवन रापड़िया माैजूद रहे।