जीआरपी थाना पुलिस आरोपी भजनलाल को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाते हुए।
हिसार। जीआरपी हिसार ने आदमपुर रेलवे स्टेशन पर 29 अप्रैल को प्रदीप हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। जांच में खुलासा हुआ है कि पेंटर प्रदीप के जिगरी दोस्त भजनलाल उर्फ भजना ने महज 300 रुपये के लेनदेन में इस वारदात को अंजाम दिया। वह प्रदीप के सिर पर ईंट मारकर हत्या करने के बाद ट्रेन से बठिंडा चला गया। रास्ते में भट्टू रेलवे स्टेशन के पास उसने अपने कपड़े उतारकर फेंक दिए था ताकि सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की नजर से बच सके।
जीआरपी थाना प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी भोड़ियां निवासी भजनलाल को अदालत में पेशकर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने उसे वीरवार को हिसार रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला है कि प्रदीप और भजनलाल अच्छे दोस्त थे। दोनों हिसार में मजदूरी के लिए आते थे। 28 अप्रैल को काम करने के बाद ट्रेन से आदमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां शराब पी। इसी दौरान 300 रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया। अगले दिन पुलिस ने शव बरामद किया। शिनाख्त आदमपुर की इंदिरा कॉलोनी निवासी प्रदीप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि सिर में ईंट के वार करने से मौत हुई है। वारदात को सुलझाने के लिए दो टीमें गठित की गईं।
नशे की हालत में मारी ईंट
जांच में खुलासा हुआ कि भजनलाल ने प्रदीप को 300 रुपये उधार दिए थे। शराब पीने के दौरान वह यह रकम प्रदीप से वापस मांगने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। भजनलाल ने नशे की हालत में पास ही पड़ी ईंट उठाकर प्रदीप के सिर पर दे मारी और खून से लथपथ हालत में छोड़कर भाग गया। खून ज्यादा बहने से प्रदीप की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल और ट्रेन के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इनमें से एक में प्रदीप और भजनलाल एक साथ आते-जाते दिखाई दिए। भजनलाल की निशानदेही पर भट्टू रेलवे स्टेशन के पास से उसके कपड़े बरामद कर लिए। अब तक इस मामले में भजनलाल के अलावा किसी व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है।