बालसमंद। गांव रावलवास खुर्द स्थित डाकघर के कर्मचारी द्वारा सुकन्या समृद्धि का खाता न खोलकर निजी कंपनी की पॉलिसी करने के मामले में दिनभर डाक विभाग की जांच चलती रही। जानकारी के अनुसार डाक विभाग के कर्मचारी रावलवास खुर्द डाक विभाग के कार्यालय में दिनभर कागजात चेक कर बयान दर्ज किए गए। पोस्ट ऑफिस हिसार के कर्मचारियों द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट मुख्य कार्यालय में जमा करवा दी जाएगी। उसके बाद उच्च अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
शिकायतकर्ता विनोद ने बताया कि पत्नी बीणा कुमारी दो बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि का खाता खुलवाने के लिए मई 2022 में रावलवास खुर्द स्थित केंद्र सरकार के डाक विभाग के सरकारी कर्मचारी ओमप्रकाश के पास गई थी। ओमप्रकाश ने पत्नी से आठ हजार रुपये जरूरी कागजात लेकर उनको ये कहकर घर भेज दिया कि आपका खाता खुल गया है। सीएससी वाले ने बताया कि यह सुकन्या समृद्धि का खाता नहीं है यह तो अन्य निजी कंपनी की दो बीमा पॉलिसी हैं। सरकारी कर्मचारी ओमप्रकाश ने अपने पद का दुरुपयोग कर निजी हित के लिए पत्नी बीणा कुमारी को गुमराह कर 8 हजार रुपये वर्ष 2022 में ले लिए और बेटियों के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता नहीं खोला, जिसके कारण वह इस योजना के लाभ से वंचित रह गई।