हिसार। पुरानी सब्जी मंडी पुल के पास दुकान में घुस चाकू से गोदकर तुषार सैनी की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को एक और नाबालिग को अभिरक्षा में लिया। उसे व शनिवार को पकड़े गए नाबालिग को बाल सुधार गृह फरीदाबाद भेज दिया, वहीं आरोपी तुषार उर्फ काका को अदालत में पेशकर दो दिन के रिमांड पर लिया है। तुषार सैनी के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चाकू के 10 घाव मिले हैं, इनमें से पांच सीने पर हैं। एक घाव दिल के बिल्कुल करीब है। अधिक रक्त बहने से उसकी मौत हुई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जिन्होंने शाम को अंतिम संस्कार किया। पुलिस को इस मामले में नामजद चार आरोपियों में से अभी एक आरोपी की तलाश है।
सीने पर चाकू के पांच घाव मिलेपोस्टमार्टम के दौरान तुषार के सीने पर चाकू के 5 घाव मिले। एक घाव दिल के बेहद करीब था। इसके अलावा उसके बायें हाथ पर करीब 5 घाव मिले हैं। दिल के पास लगा चाकू ही उसकी मौत की असली वजह बना।
मां के बीमार रहने के कारण छोड़ दी थी पढ़ाई
तुषार सैनी के दोस्त राहुल ने बताया कि वह चौथी कक्षा तक ही पढ़ा था। उसकी मां काफी बीमार रहती थी जिस कारण उसने पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद उसकी मां का भी निधन हो गया था। उधर जिस दुकान में तुषार काम करता था, उसके मालिक हिमांशु ने बताया कि तुषार करीब 6 माह से उनकी दुकान पर काम कर रहा था। हालांकि वह सप्ताह में चार दिन ही आता था। वह दिहाड़ी पर काम करता था। तुषार के परिजन ओमप्रकाश ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव हिसार ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया है।
हिसार से अवैध पिस्तौल खरीदी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रेकी और पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया। इसके लिए हिसार से ही लक्की नाम के युवक से अवैध पिस्तौल खरीदी। पुलिस अब इसे भी गिरफ्तार करने में जुटी है। हमलावर पिस्तौल के साथ ही चाकू भी लेकर आए, ताकि पिस्तौल नहीं चले तो चाकू से हमला किया जा सके। पुलिस का मानना है कि इस जाहिर होता है कि आरोपी तुषार सैनी को मारने ही आए थे। चाकू की लंबाई एक फीट से ज्यादा है।
क्या यह है पूरा मामला
शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बड़वाली ढाणी निवासी तुषार सैनी पुरानी सब्जी मंडी पुल के पास स्थित हिमांशु कोल्ड ड्रिंक्स की दुकान के बाहर बैठा था। वह इसी दुकान में काम करता था। इस दौरान बाइक सवार चार युवक आए। इनमें से तीन नीचे उतरे और तुषार पर हमले का प्रयास किया। बचने के लिए वह दुकान में घुसा तो दो हमलवार दुकान में ही चले गए और पहले गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन पिस्तौल चली नहीं तो उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। इसके बाद भाग गए। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से दो नाबालिगों सहित तीन को पकड़ा जा चुका है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों व मृतक तुषार के बीच पहले कई बार झगड़ा हो चुका था। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई।