कॉलेजों में दाखिले के लिए हो रहे आवेदनों के अंतिम दिन उच्चतर शिक्षा विभाग का पोर्टल जवाब दे गया। कभी वेबसाइट ही नहीं खुली तो कभी पोर्टल नहीं चला। दिनभर विद्यार्थी परेशान रहे। शाम होते-होते उच्चतर शिक्षा विभाग के पास विद्यार्थियों और महाविद्यालयों की तरफ से ढेरों शिकायतें पहुंच गईं, जिसके बाद देर शाम विभाग ने अंतिम तिथि को बढ़ाने का निर्णय लिया। अब विद्यार्थी 24 सितंबर तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा आईटीआई में विद्यार्थी 28 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
जिले के 24 महाविद्यालयों में हो रहे दाखिले
जिले में कुल 24 महाविद्यालयों में दाखिले के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया चल रही है। इन 24 में से 6 महाविद्यालय शहर में स्थित हैं, जिनमें सबसे अधिक विद्यार्थी आवेदन करते हैं। इनमें गुजवि से संबद्ध राजकीय महाविद्यालय, राजकीय महिला महाविद्यालय, छाजू राम जाट मेमोरियल कॉलेज, दयानंद महाविद्यालय, फतेहचंद महिला महाविद्यालय और कुरुक्षेत्र विवि से संबद्ध इंपीरियल महाविद्यालय शामिल हैं। सोमवार शाम तक इन सभी महाविद्यालयों में साढ़े 36 हजार से अधिक विद्यार्थी दाखिले के लिए आवेदन कर चुके थे।
एचएयू में बीएससी में आवेदन आज और कल
एचएयू में बीएससी एग्रीकल्चर के चार वर्षीय कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विवि प्रशासन ने दो दिन पहले अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 सितंबर की थी। ऐसे में विद्यार्थियों के पास बीएससी एग्रीकल्चर में दाखिले को आवेदन के दो दिन बाकी हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग ने आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। विद्यार्थी अब 24 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
- प्रो. सत्य सुरेंद्र सिंगला, निदेशक, इंपीरियल महाविद्यालय, हिसार