गांव घिराय में काम बंद कराने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण।
बरवाला। घिराय में तालाब की दीवार में लगाई जा रही सामग्री को लेकर ग्रामीणों ने वीरवार को मौके पर पहुंचकर कर काम बंद करा दिया। सूचना मिलते ही गांव के सरपंच प्रतिनिधि संदीप बूरा मौके पर पहुंचे। ठेकेदार सुंदर सिंह सिसाय भी मौके पर मौजूद मिले। सरपंच प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने ठेकेदार से कहा कि 10 दिन पहले आपको कहा गया था कि इस तरह की सामग्री हम नहीं लगने देंगे। उसके बावजूद भी आप इस तरह की सामग्री को क्यों लग रहे हो। ठेकेदार ने खेद व्यक्त करते हुए अपनी गलती मानी। उन्होंने कहा कि बदलवा कर सामग्री को ठीक करा देंगे। बावजूद उसके ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए कार्य को रुकवा दिया और कहा जब तक दीवार की नींव के अंदर लगाई गई सामग्री को पूरी तरह से हटाकर नई सामग्री बढ़िया तरीके से नहीं लगाई जाती वह काम को नहीं चलने देंगे।
सरपंच प्रतिनिधि संदीप बूरा ने कहा कि 10 दिन पहले जब काम शुरू हुआ था मैंने ठेकेदार को बोल दिया था इस तरह की सामग्री बर्दाश्त नहीं करेंगे। बावजूद उसके नहीं माना इसलिए ग्रामीणों के साथ आकर काम को रुकवा दिया क्योंकि मुझे गांव के लोगों ने मुझे अच्छे काम करने की जिम्मेदारी दी है भला मैं ऐसे काम को बर्दाश्त नहीं करूंगा। ठेकेदार सुंदर सिंह सिसाय ने बताया कि गांव में उनके तीन काम चल रहे हैं ये सभी 55 लाख रुपये के काम हैं। अप्रैल तक काम को पूरा करना है। तालाब की दीवार के इस कार्य में गलती हुई है।