हिसार। लोकसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद पुलिस प्रशासन की तरफ से लाइसेंसी हथियार धारकों को हथियार थानों और गन हाउस में जमा करवाने के आदेश जारी किए थे। अब तक 75 प्रतिशत हथियार ही जमा हो सके हैं, जबकि जिले में 11,900 हथियार लाइसेंस धारक हैं। जिन्होंने हथियार जमा नहीं करवाए हैं पुलिस ने अब कार्रवाई के मूड में हैं। पुलिस कर्मी घर-घर जाकर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, जो असलहा जमा नहीं कराएगा उसका लाइसेंस रद्द हो सकता है।
पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा की तरफ से शुक्रवार को असलहा धारकों को दो दिन में हथियार जमा करवाने के आदेश दिए थे। अब सोमवार से जिन्होंने अपने हथियार जमा नहीं करवाए हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया को अमल में लाई जा रही है। सोमवार को एक पुलिसकर्मी अर्बन एस्टेट एरिया में एक मकान में गया और लाइसेंसी हथियार जमा कराने की बात कही। इस दौरान पता चला कि लाइसेंस धारक का देहांत हो चुका है। अब वह उसके बेटे के नाम है, उसके बाद पुलिस कर्मी चला गया।
होटल की लिफ्ट गिरने के मामले की आज अधिकारी करेंगे जांच
हिसार। शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र में स्थित मिश्रीदाना होटल की लिफ्ट गिरने के मामले में चीफ इलेक्ट्रिकल कार्यालय के अधिकारी बुधवार को मौके पर जाकर जांच करेंगे। इस दौरान अधिकारी लिफ्ट को लेकर विभाग की अनुमति व अन्य दस्तावेजों की जांच करेंगे। अगर होटल मालिक दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं तो होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि सोमवार रात को होटल की लिफ्ट तीसरी मंजिल से अचानक गिर गई। उस समय सेक्टर 9-11 निवासी जसवंत गोयल अपने परिवार वालों के साथ लिफ्ट में ही थे। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। हालांकि लिफ्ट में 15 लोग मौजूद थे। जसवंत गोयल के मुताबिक वह होटल में अपने परिवार वालों के साथ अपनी पोती का जन्मदिन मनाने आए थे।