हिसार में विद्यार्थियों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
हिसार के सीआरएम जाट कॉलेज में नाम काटे जाने के विरोध में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उग्र हुए विद्यार्थियों ने कॉलेज के मेन गेट पर ताला जड़ दिया। कॉलेज के प्रोफेसर व मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थियों ने न तो पुलिस की मानी न ही शिक्षकों की। पुलिस ने जब गेट खोलने की कोशिश की तो विद्यार्थियों ने उसका विरोध कर दिया
पुलिस छात्रों पर किया बल प्रयोग
पुलिस ने विद्यार्थियों को खदेड़ने के लिए प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां भांजी। विद्यार्थियों पर हुए हल्के बल प्रयोग के विरोध में कॉलेज के अन्य विद्यार्थी भी कॉलेज के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। माहौल को बिगड़ता देख मौके अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया। पुलिस बल ने आते ही सभी विद्यार्थियों को कॉलेज के सामने से भगा दिया। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे कुछ विद्यार्थियों को हिरासत में ले लिया गया, जिनको बाद में छोड़ दिया गया।
दो हजार विद्यार्थियों के काटे नाम
पिछले सप्ताह कॉलेज प्रशासन के द्वारा लंबे समय तक कक्षा से गैरहाजिर रहने वाले करीब 2000 विद्यार्थियों के नाम काट दिए गए थे। इसके विरोध में विद्यार्थियों ने प्रदर्शन भी किया था। विद्यार्थियों की मांग है कि उनके नाम निशुल्क दोबारा लिखे। विद्यार्थियों का कहना है कि कॉलेज की तरफ से दोबारा नाम लिखवाने के लिए 500 रुपये मांगे जा रहे हैं।
नाम लिखने की मांगी गई 500 रुपये फीस
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने बताया कि नाम कटने वाले विद्यार्थियों में बहुत सारे विद्यार्थी ऐसे हैं जिनके आर्थिक स्थिति बहुत ही कमजोर है। ऐसे में वह विद्यार्थी 500 रुपये नहीं दे सकते। वही प्रिंसिपल का कहना है कि जिनके नाम कटे हैं उनको 500 रुपये देने अनिवार्य हैं। 500 रुपये फीस जमा करवाने के बाद ही नाम लिखा जाएगा। इसी के विरोध में सोमवार 17 अप्रैल को विद्यार्थियों ने कॉलेज में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कॉलेज के मेन गेट का ताला जड़ गया था।