हिसार। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रविवार को आयोजित पीटीआई भर्ती परीक्षा नकल मामले में आरोपियों ने रिमांड के दौरान खुलासा किया कि वे प्रति अभ्यर्थी 8 लाख रुपये में हुए सौदे की आधी रकम 4-4 लाख रुपये कपिल तक एजेंटों के जरिये पहुंचा चुके थे। बाकी की रकम काम होने पर देनी थी।
मंगलवार को पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी बास बड़छप्पर निवासी युद्धवीर, प्रवीण, नवीन, खांडा खेड़ी निवासी विक्रम, नारनौंद निवासी भूपेंद्र, फरमाना निवासी रविंद्र, जींद के सुदकैन कलां निवासी सुखबीर और खरक पूनिया निवासी अजय को एक दिन के रिमांड के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में गिरफ्तार आरोपी मंदीप को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया था। तीन दिन का रिमांड पूरा होने के बाद पुलिस मंदीप को भी अदालत में पेश करेगी। इसके अलावा महिला आरोपी सुनीता को पुलिस पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
गहनता से जांच की जा रही है
मामले में गहनता से जांच की जा रही है। आरोपियों ने एजेंटों के माध्यम से कपिल तक राशि पहुंचाई थी। इस मामले में उन एजेंटों तक पहुंचने का भी प्रयास किया जा रहा है।
अशोक कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर, हिसार।
-----------------
- मुनीष कुमार