नारनौंद (हिसार)। हांसी इकनॉमिक सेल की टीम ने फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक में खाता खुलवाने के एक आरोपी को वीरवार देर रात गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी की पहचान बास खुर्द निवासी विजय के रूप में हुई है। आरोपी ने मृतक व्यक्ति की जगह लेकर फर्जी हस्ताक्षर कर बैंक में खाता खोला था। जिसमें कंपनी ने क्लेम का पैसा डाला दिया था। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करेगी।
बता दें कि बास बादशाहपुर निवासी विनोद व कर्मबीर के पिता वजीर की मौत 6 मई 2018 को हिसार के एक निजी अस्पताल में हुई थी और उन्होंने उनकी मौत 18 सितंबर 2018 को पीजीआई रोहतक में दिखा दी थी। उसके बाद कुछ लोगों के साथ मिलकर उन्होंने पिता का बीमा करवाया और उन्होंने जाली कागजात तैयार करवाकर हांसी से फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया। उसके बाद एक निजी कंपनी में बीमा करवा दिया, ताकि बीमा क्लेम की राशि ले सकें। इस संबंध में 14 सितंबर को विनोद, कर्मबीर, पूर्व सरपंच पूनम, हट्टी सिंह, सूरजभान, तीर्थ नंबरदार, अशोक, विजय, राजेंद्र व शिवकुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 415, 417, 420, 467, 468, 471 व 120बी के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने बास बादशाहपुर निवासी विनोद व कर्मबीर को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था।