बरवाला (हिसार)। हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव सरसौद के पास बुधवार सुबह गोपुत्र सेना की टीम ने 12 ऊंटों से भरे आयशर ट्रक को चार तस्करों सहित पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तस्कर आयशर कैंटर के साथ रेकी के लिए एक आल्टो कार भी लिए हुए थे। यह कार कैंटर के आगे-आगे चल रही थी व रास्ते में किसी तरह की बाधा तो नहीं इसकी जानकारी कैंटर में सवार लोगों को कार सवारों द्वारा दी जा रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
वहीं पुलिस ने गोपुत्र सेना संगठनों सदस्यों गांव कुलेरी निवासी सुनील कुमार व शहर के वार्ड-19 निवासी महिपाल सोनी की शिकायत पर पकड़े गए चारों लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। ऊंटों के साथ पकड़े गए लोगों में कैंटर चालक यूपी के जिला बागपत के मुगुलपुरा का अहसान, जिला बागपत की माता कॉलोनी निवासी कलीजुदीन, कार चालक यूपी के बुडाना निवासी शहजाद व उसके साथी जिला बागपत के कोताना निवासी इमरान शामिल हैं। वहीं पुलिस ने ऊंटों को कैंटर से उतरवाकर गांव गैबीपुर के एक पशु बाड़े में पहुंचा दिया है। पुलिस पकड़े गए चारों आरोपियों को वीरवार को अदालत में पेश करेगी।
गोपुत्र सेना के सदस्यों ने बताया कि किरोड़ी गांव के पास एक ढाबे से ऊंटों को भरकर आयशर कैंटर बालक चौपटा होता हुआ गांव सरसौद से हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचा। इस बीच पीछा कर रहे गोसेवकों ने इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी। कैंटर के आगे चल रही एक ऑल्टो कार हाईवे पर बने एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के लिए रुकी तो पीछा कर रहे गोरक्षकों ने उन्हें रोक लिया। इसी बीच पीछे से कैंटर भी वहां आ पहुंचा। जिसमें 12 ऊंट ठूंसकर भरे हुए थे। सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए व ऊंटों से लदे कैंटर व कार को अपने साथ पुलिस थाने ले आए। इस दौरान गोपुत्र सेना संगठन के अमनदीप, मोहित, सुनील, दीपू जांगड़ा आदि पूरे प्रकरण के दौरान मौजूद रहे।
ऊंटों से भरे कैटर के साथ पकड़े गए आरोपी।- फोटो : Hisar