नारनौंद। नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को राजथल और मोठ रांगड़ान में सघन तलाशी अभियान चलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाहरी पुलिस बल और डॉग स्क्वायड की मदद से खाली स्थानों, खंडहर मकानों और अन्य संदिग्ध ठिकानों की जांच की।
इस दौरान बिना नंबर प्लेट और जरूरी दस्तावेज के मिले चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी कब्जे में ली गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजथल निवासी काजल के घर में अवैध कच्ची शराब रखी हुई है। टीम ने मकान पर दबिश देकर तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, दो बोतलों में करीब एक-एक लीटर और सफेद कैनी में करीब पांच लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने काजल के खिलाफ हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना है। ग्रामीणों से ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।