राजस्थान सीमा पर वाहन की तलाशी लेते पुलिस कर्मी।
हनुमानगढ़ और गंगानगर में 3 व 5 नवंबर को होगा मतदान, वांछित अपराधियों की सूची भी की साझा
फोटो 18
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजस्थान में 3 व 5 नवंबर को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्र में पंचायती राज संस्थाओं और ब्लॉक समिति चुनावों को लेकर सिरसा पुलिस अलर्ट हो गई है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले की राजस्थान से लगतीं सीमाओं पर नाकाबंदी कर सुरक्षा कड़ी की गई है।
सीमाओं से गुजरने वाले हर वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच हो रही है ताकि कोई असामाजिक तत्व चुनावी माहौल खराब न कर सके। प्रवक्ता राजपाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
राजस्थान पुलिस से बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए सीमावर्ती थानों के अधिकारियों का व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है। इसके माध्यम से दोनों राज्यों की पुलिस संदिग्ध गतिविधियों और महत्वपूर्ण सूचनाओं का तुरंत आदान-प्रदान कर रही है।
निगरानी और कार्रवाई
चुनाव के मद्देनजर सिरसा और राजस्थान पुलिस ने वांछित अपराधियों और भगोड़ों की सूची एक-दूसरे के साथ साझा की है। पुलिस ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। इसके अलावा, सीमावर्ती गांवों और क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान कोई गड़बड़ी न हो। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने राजस्थान की सीमा में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति और वाहन की गहन जांच के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।