पीएलए निवासी रेणु के बैंक अकाउंट से 20 हजार रुपये उड़ाने के मामले में पुलिस बिहार के जिला नालंदा के गांव शेरुपरा के रजनीश को गिरफ्तार कर लाई है। पुलिस ने आरोपी को रविवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे सात दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पीएलए चौकी के एएसआई मेहर सिंह की टीम आरोपी रजनीश को बिहार से लेकर आई है। वह एक कॉलेज का बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे कॉलेज में सोनू नामक लड़का मिलता था। उसने उसे झांसा देकर कहा था कि वह उसे एक आईडी दे दे। वह काम होने पर उसे 5000 रुपये दे देगा। उसने आईडी दी तो उसने एक मोबाइल फोन ले लिया और कस्बे लाहरी के आंध्रा बैंक में उसका खाता खुलवा दिया। उसने पासबुक और एटीएम कार्ड खुद रख लिए थे। रजनीश का कहना है कि यह सब सोनू का किया हुआ है।
यूं पकड़ में आया छात्र
महिला रेणु 8 जनवरी को किसी प्रोडक्ट की खरीदारी के लिए पेटीएम डाउनलोड कर रही थी। उन्होंने 500 रुपये भरे, मगर 15005 रुपये कट गए। उन्होंने पेटीएम की हेल्पलाइन पर शिकायत की तो 20 हजार रुपये और गायब हो गए। पेटीएम हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर फोन रिसीवर ने 15005 रुपये महिला के खाते में वापस भेजने का भरोसा दिया। पीएलए चौकी पुलिस ने शिकायत मिलने पर केस दर्ज किया। महिला ने कैमरी रोड के पीएनबी में मैनेजर को आपबीती बताई तो पता चला कि 20 हजार रुपये लाहरी के आंध्रा बैंक में ट्रांसफर हुए हैं। खाता फ्रिज कराने पर एटीएम से नकदी न निकली तो मास्टरमाइंड ने रजनीश को बैंक में जाकर शिकायत करने को कहा। स्टाफ ने जानकारी होने उसे पकड़कर बिहार पुलिस के हवाले किया था।