मंडी आदमपुर। पुलिस टीम ने आदमपुर-काबरेल रोड से एक व्यक्ति को पिस्तौल के साथ काबू किया है। उप निरीक्षक महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम काबरेल रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देख वापस जाने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास 315 बोर की पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी गांव काबरेल निवासी अमित उर्फ मीता ने पूछताछ में बताया कि वह राजस्थान से पिस्तौल लाया है। इससे वह अपने दो चाचा की हत्या करना चाहता था।
आरोपी ने बताया कि काफी दिन पहले उसके चाचा काबरेल निवासी उमेश और नरेश ने उसके पिता को चोटें मारी थी। इसी रंजिश में वह अपने दोनों चाचा की हत्या के लिए पिस्तौल और चार कारतूस राजस्थान के जैतपुरा गांव से 10 हजार रुपये में खरीद कर लाया था। आरोपी ने बताया कि उसने पिस्तौल चेक करने के लिए तीन कारतूस खेतों में चला दिए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।