हांसी पुलिस की गिरफ्त में लूट की वारदात के आरोपी।
हांसी। पुलिस चौकी शेखपुरा व थाना सदर पुलिस ने रविवार देर रात जींद रोड पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई राशि में से 20 हजार रुपये नकद व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हांसी निवासी दीपक, ढाणा कलां निवासी आशीष, अमन उर्फ मिथुन व खेड़ी गगन निवासी अमन उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। मामले की जानकारी देते हुए उप निरीक्षक जयसिंह ने बताया कि सोमवार को जींद के जुलाना निवासी जितेंद्र की शिकायत पर थाना सदर में लूट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि जींद-हांसी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी के दौरान अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट कर नकदी लूट ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज की जांच व तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले।
जांच में सामने आया कि पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन श्याम नगर निवासी दीपक ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने साथियों को पेट्रोल पंप पर मौजूद नकदी एवं परिस्थितियों की जानकारी दी थी।