खरड़ गांव में मंगलवार रात साढे़ 10 बजे बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाश गन प्वाइंट पर एक आई-20 कार, 10 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने सूचना मिलने पर जिले की नाकेबंदी की, लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लगे। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
खरड़ गांव के युवक संदीप कुमार का खरड़-हांसी मार्ग पर पेट्रोल पंप है। बताया जाता है कि उसने सुलतानपुर गांव के विजेंद्र की पंप में हिस्सेदारी की थी। संदीप कुमार पूर्व सरपंच राजेंद्र कुमार और एक अन्य के साथ कार में सुलतानपुर में विजेंद्र के पास गया था। बताया जाता है कि विजेंद्र ने संदीप को पार्टनरशिप के 10 लाख रुपये दिए थे। फिर वे तीनों कार में वापस गांव आने लगे। तीनों में से एक युवक मय्यड़ के पास कार से उतर गया। उसे हांसी जाना था। फिर संदीप और राजेंद्र गांव में पहुंचे थे।
बाइक पर पहुंचे तीन लुटेरे
संदीप का कहना है कि वे अपने गांव में पहुंचकर स्कूल के पास शराब पीने लगे। रात करीब साढे़ 10 बजे बाइक पर तीन नकाबपोश आए। उन्होंने पिस्तौल दिखा उससे पर्स छीन लिया। फिर दो लुटेरे कार में बैठकर वाहन हांसी की तरफ दौड़ा ले गए। कार के डेस बोर्ड में 10 लाख रुपये, मोबाइल रखे थे। तीसरा बदमाश बाइक पर फरार हो गया। फिर लूट की सूचना फोन पर पुलिस कंट्रोल रूम में दी गई। पुलिस ने जिले की नाकेबंदी की, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा।
पुलिस पहुंची मौके पर
सदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह नैन, एसआई राजकुमार, अन्य सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। पुलिस मौके से शिकायतकर्ता को साथ ले आई थी। सदर थाना पुलिस ने इस बारे में अज्ञात के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट का केस दर्ज किया है।
पुलिस घटना को देख रही संदेह के नजरिए से
पुलिस इस वारदात को संदेह के नजरिए से देख रही है। सीआईए ने शिकायतकर्ता संदीप कुमार को सीआईए भवन में बुलाकर पूछताछ की। पुलिस का मानना है कि कोई दूसरे गांव से 10 लाख रुपये लाकर अपने गांव में आकर बिना नकदी घर पहुंचाए बाहर शराब कैसे पी सकता है। पुलिस का मानना है कि यदि कोई शराब पीएगा तो नकदी घर रखकर आने के बाद पीएगा। पुलिस सच्चाई जानने के लिए गहनता से मामले की जांच कर रही है।
वकील की कार ले भागे थे बदमाश
पिछले दिनों ने कृष्णा नगर से बदमाश पिस्टल प्वाइंट पर वकील ओमप्रकाश कोहली की कार लूटकर फरार हो गए थे। तब कोहली बार एसोसिएशन चुनाव में प्रधान पद के प्रत्याशी थे और वे कृष्णा नगर में रात को प्रचार करने आए थे। पुलिस ने सूचना मिलने पर लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया था। पुलिस पीछे लगने की भनक पाकर लुटेरों ने कार तेज गति में भगाई थी। मिंगनीखेड़ा के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और तीन लुटेरे घायल हो गए थे। पुलिस ने उनको मौके से लाकर सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया था। पुलिस ने बाद में तीनों को गिरफ्तार किया था।