हिसार। मंगाली चौकी पुलिस ने पेट्रोल पंप से सात लाख रुपये लेकर फरार हुए मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। पुलिस ने आरोपी से नकदी की बरामदगी के लिए रिमांड पर भेजने की मांग की। अदालत ने पुलिस की मांग को स्वीकार करते हुए आरोपी को एक दिन का रिमांड पर भेज दिया।
जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं महिला अधिकारिता बोर्ड के चेयरमैन डॉ. पुनीत इंदौरा ने 4 नवंबर को पुलिस को शिकायत दी। आजाद नगर पुलिस को दी शिकायत में पुनीत ने बताया कि मंगाली-डाया रोड पर उनका पेट्रोल पंप है। पंप पर चारनौंद के नवीन को मैनेजर रखा था। नवीन गांव में नंबरदार भी है।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को पंप से 4 लाख रुपये और दो दिन पहले 3 लाख रुपये बैंक में जमा करवाने के लिए लेकर गया था। इसके बाद से नवीन का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। उसके घर पर ताला लगा था। नकदी के अलावा उसने एक व्यक्ति को तीन लाख रुपये का डीजल अपने स्तर पर दे दिया। डीजल के रुपये भी नहीं दिए। आरोपी ने लगभग 10–12 लाख रुपये की राशि का गबन किया। शिकायत पर थाना आजाद नगर में 5 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।