हिसार। गांव बहबलपुर निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जहर दिए जाने की आशंका के मद्देनजर सदर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया और विसरा जांच के लिए भेजा है। इससे पहले इस व्यक्ति की पत्नी और पिछले साल दिसंबर में पुत्रवधू की भी मौत हो गई थी। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर जहर देने का आरोप लगाया था।
सदर थाने से जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि बहबलपुर निवासी मान सिंह (57) की चार दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी। परिजन एक निजी अस्पताल में लेकर आए, जहां शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। उसे जहर दिए जाने की आशंका देखते हुए विसरा जांच के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद मौते के कारणों का पता चल सकेगा। इससे पहले मान सिंह की पत्नी की भी मौत हो गई थी। 21 दिसंबर को मान सिंह की पुत्रवधू कोमल की मौत हो गई थी, जो गर्भवती थी। सिरसा की बीरमती ने दामाद सत्यवान पर जहर देकर हत्या का आरोप लगाया था। ब्यूरो