हांसी। नगर परिषद कार्यालय के प्रॉपर्टी टैक्स शाखा में मंगलवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया। जब टैक्स भरने के लिए आए लोगों व टैक्स जमा करवाने वाले कर्मचारी के बीच जमकर बहस हुई। इस दौरान वहां पहुंचे चेयरमैन व पार्षद दीपक मुंजाल के साथ भी बहस की। जिसके बाद पार्षदों ने कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स के ब्याजों पर दी जा रही शत-प्रतिशत छूट की अंतिम तिथि 30 जून नजदीक आने के कारण इन दिनों कार्यालय में प्रतिदिन लंबी कतारें लग रही हैं। मंगलवार को धूप और भीषण गर्मी के बीच शहर के विभिन्न वार्डों से आए बुजुर्ग घंटों से लंबी लाइनों में खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान अंदर तैनात एक कर्मचारी का पारा चढ़ गया और उसने बुजुर्ग को धक्का देकर लोगों को दफ्तर से बाहर निकलने के लिए कह दिया। जिससे लोग तैश में आ गए। उस दौरान वहां उपस्थित पार्षद दीपक मुंजाल ने भी कर्मचारी पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। कर्मचारी के इस रवैये को देखकर वहां मौजूद लोग भी भड़क गए।