हिसार। शहर के मॉडल टाउन में रहने वाले 70 वर्षीय अशोक ने मालिक से परेशान होकर नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। रविवार को उसका शव स्याहड़वा पंप हाउस में मिला। आजाद नगर थाना पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की डेड हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर मकान मालिक और उसके साले के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस को दिए गए बयान में मॉडल टाउन में किराये के मकान पर रहने वाली उर्मिला ने बताया कि उसका पति अशोक कुमार काफी समय से बीमार चल रहा था। उसके चार लड़के हैं भूषण मुकेश कृष्ण और संदीप तीन लड़के शादीशुदा है और संदीप अविवाहित है। पिछले तीन-चार महीनों से मकान मालिक सुभाष और उसका साला मकान खाली करने को लेकर परेशान कर रहे हैं। हम दोनों बीमार होने के कारण कुछ समय से मकान का किराया नहीं दे सके तो मकान मालिक को कहा था कि 1 महीने के बाद हम मकान खाली कर देंगे। तीन-चार दिन पहले फिर से मकान मालिक सुभाष आया और उसने कहा मकान खाली कर दो नहीं तो सामान गली में फेंक दूंगा। इसी बात से परेशान होकर कल पति घर से निकल गए नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के द्वारा हमें सूचना मिली की उनका शव नहर में मिला है। आजाद नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।