हांसी। जिला सचिवालय में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में संशोधन सहित कई शिकायतें लेकर पहुंचे। जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) राजकुमार की अध्यक्षता में हुए शिविर में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय में निपटारा सुनिश्चित किया जाए। अन्य विभागों से संबंधित मामलों को संबंधित अधिकारियों के पास भेजकर शीघ्र समाधान करवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
समाधान शिविरों का उद्देश्य लोगों को समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और नागरिकों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी।
यह शिकायतें लेकर पहुंचे लोग :
हांसी निवासी राजीव और कापड़ो निवासी शिवकुमार ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से वाहन संबंधी विवरण हटवाने की मांग की। खानपुर निवासी सोनू ने पीपीपी में दर्ज आय संबंधी जानकारी हटाने तथा थुराना निवासी बबली ने जन्मतिथि में संशोधन की मांग रखी। उमरा निवासी रामधारी ने बताया कि उनके खेत में बने मकान के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही है जिससे परेशानी हो रही है। उन्होंने लाइन हटवाने की मांग की। एक बुजुर्ग नागरिक ने वृद्धावस्था पेंशन बनवाने संबंधी समस्या भी रखी।