स्याहड़वा में सर्च अभियान के दौरान वन्य प्राणी विभाग की टीम।
हिसार। गांव उमरा के खेतों में तेंदुआ की आशंका से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। इसको देखते हुए वन्य प्राणी विभाग की टीम ने मंगलवार को सर्च अभियान चलाया। मगर अभी टीम को कहीं पर भी तेंदुआ के पैरों के निशान नहीं मिले हैं। वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर दिनेश जांगड़ा का कहना है कि जो निशान हैं वह कुत्ते के पैरों के हैं। तेंदुआ होने के कोई संकेत नहीं मिले।
बता दें, कि सोमवार को वन्य प्राणी विभाग के पास गांव उमरा के सरपंच विनोद कुमार ने फोन कर जानकारी दी थी। उन्होंने इंस्पेक्टर दिनेश जांगड़ा को पैरों के निशान के फोटो भी भेजे थे। उसके बाद विभाग अलर्ट हो गया। मगर वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यहां कोई तेंदुआ नहीं है। लोग भयभीत न हों। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मंगलवार को वन्य प्राणी विभाग की ओर से उमरा, सुलतानपुर, स्याहड़वा में सर्च अभियान चलाया गया था। सर्च अभियान में जींद से इंस्पेक्टर मनवीर के अलावा गार्ड कृष्ण कुमार, ड्राइवर कृष्ण खटाणा, सुनील, भजनलाल शामिल रहे।