नारनौंद। गांव भैणी अमीरपुर में गत शनिवार की देर शाम साहिल की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस के अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए थाने की टीम के अलावा सीआईए समेत तीन टीमें छापा मार कार्रवाई कर रही हैं। चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। वहीं पीड़ित परिवार वारदात के बाद भय के माहौल में जी रहा है।
बता दें कि 4 जनवरी की शाम करीब 6 बजे साहिल व उसका चाचा अशोक उनके घर के बहार दुकान के सामने बैठे हुए थे। उसी दौरान गांव भैणी अमीरपुर निवासी अजय उर्फ अमन उनकी दुकान के पास आया और साहिल व अशोक के सामने जेब से पिस्तौल निकाल कर उनकी तरफ तान दी। तभी साहिल घर के अंदर भागा तो अजय उर्फ अमन ने साहिल को घर के अंदर घुसकर गोली मार दी। जब अशोक बीच-बचाव करने लगा तो अजय उर्फ अमन ने उस पर भी पिस्तौल तान दी थी। अशोक जान बचाने के लिए घर से बहार भागा और अमन भी उसके पीछे दौड़ा। आरोपी ने अशोक पर दो-तीन बार फायर किए थे। फिर अजय उर्फ अमन अपने परिवार के सदस्य अजमेर, मोनू, पिता बबलू व मां मुकेश के साथ साहिल के घर पहुंचे और साहिल के घरवालों को जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मृतक के पिता सुरेश के बयान दर्ज कर अजय उर्फ अमन, बबलू उर्फ बलराज, मुकेश देवी, अजमेर व मोनू के खिलाफ केस दर्ज किया था।
आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापा मार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें गठित की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- चंद्रभान, थाना प्रभारी नारनौंद।