आदमपुर के घर में आई दूषित पेयजल की सप्लाई।
मंडी आदमपुर। आदमपुर की शिव कालोनी, ऑटो मार्केट, कालेज रोड, श्याम विहार आदि इलाके में पिछले कई दिनों से दूषित पेयजल की सप्लाई आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां रहे लोगों व महिलाओं ने बताया कि कस्बे में पानी की सप्लाई व्यवस्था बिगड़ी हुई है। कहीं पर दूषित पानी आ रहा तो कुछ क्षेत्रों में पानी पहुंच ही नहीं रहा।
लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। दूषित पानी के कारण लोगों की दिक्कतें बढ़ी हुई है। शिकायत के बाद भी अधिकारी दिक्कत दूर नहीं कर रहे हैं। प्रभावित लोगों को बीमारी फैलने का भय सता रहा है। कुछ को पेट संबंधी दिक्कत आने भी लगी हैं। लोगों ने जब विभाग के अधिकारियों से बात की तो अधिकारियों ने कहा कि मोटर न चलाए, काम चल रहा है कुछ दिन परेशानी झेलनी पड़ेगी। पेयजल आपूर्ति में साफ पानी न आने के चलते उन्हें काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि बार-बार शिकायत दर्ज करवाने के बाद भी अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। उन्होंने मांग कि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्दी से जल्दी पानी की सप्लाई में साफ पानी दिया जाए।