सिवानी में सड़क हादसे के बाद क्षतिग्रस्त पीसीआर व मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी।
सिवानी मंडी। हिसार राजगढ़ रोड नेशनल हाईवे एनएच-52 पर बुधवार दोपहर पिकअप की टक्कर से एक पीसीआर पलट गई। इस हादसे में 3 पुलिसकर्मी सहित 4 लोग घायल हो गए। एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
बुधवार दोपहर सिवानी के गुरेरा रोड के पास हिसार की तरफ से मोबाइल पीसीआर डायल 112 यूटर्न ले रही थी। इसी बीच पीछे से आ रही एक पिकअप गाड़ी पीसीआर से टकरा गई। टक्कर लगने से पीसीआर तीन-चार बार पलटकर डिवाइडर से जा टकराई और पिकअप उसके ऊपर से निकल गई। इस हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि तीन अन्य को भी चोटें आईं।
चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि चंद सेकंडों में सबकुछ हो गया। सुभाष वर्मा व मंगलमुखी कोयल ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों और पिकअप चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डीएसपी जय भगवान और थाना सिवानी की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत हिसार के निजी अस्पताल भेजा गया। डीएसपी जय भगवान ने बताया कि घटना में एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है। वहीं दो पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। पिकअप चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
मौत के मोड़ के नाम से जाना जाता है यह मोड़ : एनएच-52 हिसार-राजगढ़ रोड के सिवानी मंडी से चौधरीवास तक महज सात किलोमीटर की दूरी में सात से अधिक खतरनाक कट हैं। स्थानीय लोग इन्हें ‘मौत के मोड़’ कहते हैं। 17 साल पहले सैनीवास गांव के पास एक भीषण हादसे में 32 लोगों की जान गई थी। चालक विनोद मांझू, सतवीर थापन, सुरेश अग्रोहिया, प्रमोद मंजू आदि का कहना है कि इस मोड़ पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।