हांसी। सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) की सीधी भर्ती के विरोध में नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की हड़ताल वीरवार को भी जारी रही। हड़ताल के चलते अस्पताल में चार दिन से सर्जरी नहीं हुई हैं। सर्जरी न होने के कारण मरीजों को हिसार भेजा गया। वहीं, हड़ताल के चलते अस्पताल में मरीजों की संख्या घट रही है। अस्पताल के जनरल वार्ड में भी दाखिल मरीजों की संख्या घटी है।
हड़ताल के चलते अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। मरीजों को न तो अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिल रही है व न ही सर्जरी की सुविधा मिल रही है। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को अपराधियों के मेडिकल के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल में लेकर जाना पड़ रहा है।
अस्पताल में वहीं इमरजेंसी में ईएसआई के तीन व एनएचएम के एक चिकित्सक ड्यूटी दे रहे हैं। नागरिक अस्पताल में तैनात दो एसएमओ व छह एमओ चिकित्सक हड़ताल पर हैं। इस दौरान इमरजेंसी में भी एनएचएम व ईएसआई के चिकित्सक तैनात हैं। एनएचएम के तहत भर्ती महिला रोग विशेषज्ञ, सामान्य ओपीडी में एनीस्थिसिया विशेषज्ञ चिकित्सक, बाल रोग विशेषज्ञ मरीजों की जांच कर रहे हैं। हड़ताल के चलते अस्पताल प्रशासन के अन्य कार्य बाधित हैं।