हिसार। कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी से आए दिन लोगों की जान जा रही है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को सड़क हादसे में घायल मरीज को ऑक्सीजन व वेंटिलेटर न मिलने पर उसने दम तोड़ दिया। मामले में अग्रोहा थाना पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार गांव मय्यड़ निवासी सतवीर के भांजे मनप्रीत का सोमवार रात पंजाब के पातड़ा में एक्सीडेंट हो गया था। वह उसे पहले टोहाना के नागरिक अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद वह मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे मनप्रीत को लेकर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पहुंचा। यहां सीएमओ डॉ. भूपेंद्र ने उसे बताया कि मनप्रीत को इलाज के लिए वेंटिलेटर व ऑक्सीजन की जरूरत है, लेकिन वेंटिलेटर व ऑक्सीजन यहां उपलब्ध नहीं है। डॉ. भूपेंद्र ने मनप्रीत को रोहतक ले जाने की सलाह दी। मगर शाम करीब चार बजे मनप्रीत ने गाड़ी में ही दम तोड़ दिया।
परिजनों ने किया हंगामा
मनप्रीत की मौत के बाद परिजनों ने इमरजेंसी के बाहर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही अग्रोहा मेडिकल कॉलेज की डायरेक्टर डॉ. गीतिका दुग्गल पहुंची। उन्होंने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया कि अगर इस मामले में किसी भी चिकित्सक की लापरवाही निकलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद परिजनों ने लिखित में एक शिकायत सीएमओ डॉ. भूपेंद्र के खिलाफ डायरेक्टर को सौंपी। मनप्रीत के शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखवा दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम बुधवार सुबह होगा।