हांसी। निजी बस में दिल्ली से हिसार तक की सवारियों को हांसी बस स्टैंड पर उतारने के दौरान हंगामा हो गया। सवारियों को रोहतक में उतार कर हांसी तक की दूसरी निजी में बिठाया गया। हांसी बस स्टैंड पर फिर से उन्हें हिसार के लिए एक अन्य निजी बस में बिठाया जा रहा था। इस पर सवारियों ने वहां हंगामा कर दिया और रोडवेज जीएम को शिकायत दी।
इसमें अधिकांश उत्तर प्रदेश की सवारियां थीं। जिन्हें अपने काम के सिलसिले में हिसार जाना था। सभी सवारियां दिल्ली के आईएसबीटी के बाहर से हिसार के लिए निजी बस में सवार हुई थीं। सवारियों के अनुसार उन्हें पहले रोहतक बस स्टैंड पर उतार दिया व हिसार के लिए दूसरी निजी बस में चढ़ाया। वह हिसार के लिए बस में सवार हुए तो बस चालक ने हांसी में बस रोक दी। उन्हें हिसार के लिए अन्य बस में सवार होने के लिए कहा। इस पर सवारियों ने विरोध किया तो वहां पर बस स्टैंड के अधिकारी भी पहुंच गए।
इसके बाद परिचालक ने सवारियों को हिसार तक के किराये के 35 रुपये वापस दिए। वहीं बस स्टैंड के स्टेशन सुपरवाइजर सुरेश राठी को रोडवेज के हिसार डिपो के जीएम के नाम शिकायत भी सौंपी। बताया जा रहा है कि बस के पास दिल्ली से हिसार तक के लिए अनुमति नहीं थी। वहीं रोहतक से हिसार के लिए भी कोई सीधी निजी बस नहीं है। इसलिए सवारियों को पहले रोहतक व फिर हांसी में बस बदलने के कहा गया। बस स्टैंड पर अक्सर ऐसा कई सवारियों के साथ होता है।
हमसे दिल्ली के हिसार तक का 250 रुपये किराया लिया गया। पहले बस रोहतक में रोकी और वहां हमें दूसरी निजी बस में चढ़ा दिया। हांसी में भी अलग बस में जाने के लिए कहा। हमने इसकी शिकायत दे दी है।- दिव्या
दिल्ली से जिस बस में हिसार के लिए सवार हुए थे, उसमें परिचालक ने सवारियों के साथ मारपीट भी की। वह लोगों के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। ऐसी बसों पर कार्रवाई होनी चाहिए।- जितेंद्र मिश्रा
मामले में सवारियों ने रोडवेज के जीएम के नाम शिकायत दी है। शिकायत को अधिकारियों को भेज देंगे। उन्हें मामले में अवगत करवाएंगे। निजी बस चालकों को सवारियों के साथ ऐसे धोखाधड़ी नहीं करनी चाहिए। - सुरेश राठी, एसएस, बस स्टैंड
रोहतक के निजी बस संचालक ऐसा करते हैं। हांसी व हिसार के निजी बस संचालकों का उनसे कोई लेना देना नहीं है। यह बसें रोहतक आरटीए के अधीन आती है। ऐसी बसों पर कार्रवाई होनी चाहिए।- दिनेश बड़ाला, जिला प्रधान, स्टेज कैरिज बस ऑपरेटर
हांसी में बस स्टैंड के पिछले हिस्से में खड़ी निजी बस, इसी में सवारियों को रोहतक से हांसी लाया ग