हिसार। रोहतक व डोभ-भाली स्टेशन के बीच नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण इस रूट पर ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। इस कारण से यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस कारण से वाया हिसार होकर दिल्ली जाने वाली हरियाणा एक्सप्रेस और किसान एक्सप्रेस ट्रेनों का आंशिक रूप से संचालन किया जा रहा है। इन दो ट्रेनों के दिल्ली न जाने यात्रियों को आवागमन के लिए अन्य विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक 28 फरवरी तक इन ट्रेनों का आंशिक रूप से ही संचालन किया जाएगा।
हरियाणा एक्सप्रेस हिसार स्टेशन से सुबह 5:20 बजे और किसान एक्सप्रेस सुबह 7:40 बजे रवाना होती है। इन दोनों ट्रेनों का समय सुबह होता है और उस समय दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है। इन ट्रेनों के हिसार स्टेशन के संचालन न होने से यात्री रोडवेज बसों में यात्रा कर रहे हैं, जिनका किराया दोगुने से भी ज्यादा है। इन ट्रेनों के अलावा हांसी स्टेशन से संचालित हांसी-रोहतक पैसेंजर ट्रेन सेवा भी रद्द की गई है।