हिसार। खरड़ गांव के खेतों में मिले महिला के शव के मामले में पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। हांसी की प्रेम नगर निवासी पासो देवी घर से 4 लाख रुपये लेकर घर से निकली थी। सीसीटीवी फुटेज में वह पड़ोसी के साथ नजर आई और अगले दिन उसका शव गांव खरड़ में खेतों में मिला। सूत्रों की मानें तो इस थ्योरी के आधार के पुलिस ने पड़ोसी हरपाल को राउंडअप किया है।
वहीं सोमवार को महिला के शव का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को मिलेगी। रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगा कि महिला के साथ कोई गलत काम तो नहीं हुआ। उधर खेत मालिक के बयान पर पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
सूत्रों के अनुसार पासो देवी शनिवार शाम को 4 लाख रुपये लेकर बहन के घर टोहाना जाने के लिए घर से निकली थी। पुलिस जांच के दौरान खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में वह एक ई रिक्शा में पड़ोसी संग जाते हुई नजर आई। इसके अलावा दोनों ने रात करीब 12 बजे भानु चौक के पास एक चाय की दुकान पर चाय भी पी। इसके बाद दोनों खरड़ के पास खेतों में पहुंचे। यहां पड़ोसी की नजर रुपये पर पड़ी और वह महिला की हत्या कर रुपये लेकर वहां से भाग गया। पुलिस प्रवक्ता मदन लाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मंगलवार को मिलेगी जिसके बाद स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।