हिसार। जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में 7 जून को फ्रीजर में महिला कोमल के शव को चूहों द्वारा कुतरने के मामले में संबंधित अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने जांच रिपोर्ट सरकार को भेज दी है जिसके आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस घटना के बाद परिजनों ने डिलीवरी के दौरान भी चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाए थे।
मामले की जांच के लिए अस्पताल प्रशासन ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सीएमओ के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय भेजी गई। वहीं उपायुक्त के निर्देश पर न्यायिक जांच भी करवाई गई जबकि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वतंत्र जांच कर अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी।
सूत्रों के अनुसार न्यायिक जांच में शवगृह के फ्रीजर के रखरखाव और निगरानी से जुड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। अब सरकार स्तर पर रिपोर्ट की समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
हमने जांच रिपोर्ट सरकार के पास भेज दी है। अब सरकार को ही इस मामले में फैसला लेना है। - डॉ. मनीष बंसल, महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग।