रेलवे स्टेशन प्लेट फार्म नंबर-6 की पार्किंग में खड़े वाहन।
हिसार। रेलवे जंक्शन के जाट कॉलेज की तरफ पार्किंग सोमवार से विधिवत शुरू हो गई है। लंबे समय तक खाली पड़ी इस पार्किंग का ठेका अब एक फरवरी 2026 से तीन साल के लिए कंपनी को 24 लाख रुपये में दिया गया है। दोपहिया वाहन, कार और अन्य वाहनों के लिए प्रतिघंटे और मासिक शुल्क के रेट भी निर्धारित किए गए हैं।
रेलवे स्टेशन पर रेड स्क्वायर मार्केट की तरफ पहले से ही पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन पुराने मुख्य द्वार की तरफ पार्किंग का ठेका लंबे समय से खाली था। टेंडर रेट अधिक होने के कारण ठेकेदार इसे लेने के लिए तैयार नहीं थे। अब यह ठेका 1 फरवरी 2026 से 1 फरवरी 2029 तक तीन साल के लिए लागू होगा, जिससे रेलवे को लाखों रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है
वाहन रहेंगे सुरक्षित
जाट कॉलेज की तरफ पार्किंग में पहले चौकीदार नहीं था, जिससे पुलिस को ही सुरक्षा करनी पड़ती थी और लोग वाहन खड़े करने में हिचकिचाते थे। वाहन चोरी की घटनाएं भी सामने आती थीं। अब इस पार्किंग में चौकीदार मौजूद रहेगा और यात्री अपना वाहन सुरक्षित रूप से खड़ा कर सकेंगे।
साइकिल, बाइक और कार के लिए रेट तय
पार्किंग शुल्क प्रतिघंटे के हिसाब से निर्धारित किया गया है। न्यूनतम रेट बाइक के लिए 30 रुपये, कार के लिए 50 से 80 रुपये तय किया गया है। मासिक शुल्क लेने वालों के लिए अलग रेट 300, 600, 900 और 1600 रुपये तय किए गए हैं।
अब किसी को वाहन खड़े करने में परेशानी नहीं होगी। वाहन पूरी तरह सुरक्षित रहेंगे।
- प्रदीप आदिवाल, ठेकेदार।