12वीं के पेपर चेकिंग का कार्य 23 दिन के इंतजार के बाद आखिरकार शनिवार को शुरू हो गया।
मूल्यांकन केंद्रों पर स्कूल लेक्चरार शनिवार सुबह नौ बजे से पहले ही पहुंच गए थे।
स्कूल लेक्चरार और शिक्षा विभाग की वित्त आयुक्त डा. सुरीना राजन के बीच 28 नवंबर को समझौता हो गया था।
शुक्रवार को पेपर चेकिंग का कार्य शुरू होना था लेकिन पेपर घर पर चेक करवाएं या मूल्यांकन केंद्रों पर इसे लेकर बोर्ड अधिकारियों में तालमेल की कमी रही। इसके चलते शुक्रवार को मूल्यांकन नहीं हो सका।
प्रदेश में 29 केंद्रों पर किए जा रहे पेपर चेक
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में 29 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं के पेपरों की चेकिंग की जा रही है। इसके लिए पांच हजार से अधिक स्कूल लेक्चरारों की ड्यूटी लगाई गई है।
भिवानी स्थित स्थल मूल्यांकन केंद्र नियंत्रक आरके जैन ने बताया कि पेपर चेकिंग का कार्य मूल्यांकन केंद्र पर सुबह नौ बजे शुरू हो गया था और शाम पांच बजे तक चलता रहा।
रविवार को भी होंगे पेपर चेक
हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष दयानंद दलाल और भिवानी के अध्यक्ष रमेश मल्हान ने बताया कि उनकी एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि रविवार या किसी अन्य छुट्टी वाले दिन भी वे मार्किंग करेंगे ताकि समय पर रिजल्ट आ सके।
इसके अलावा कम से कम पांच उत्तर पुस्तिकाएं प्रतिदिन अधिक भी चेक करेंगे।
12वीं की मार्किंग कर रहे पांच हजार स्कूल लेक्चरर
हसला (हरियाणा स्कूल लेक्चरर) के अनुसार हरियाणा में करीब साढे़ बारह हजार स्कूल लेक्चरार हैं।
इनमें से 12वीं के पेपर चेक करने के लिए पांच हजार से अधिक स्कूल लेक्चरार की ड्यूटी लगाई गई है।
हसला पदाधिकारियों के अनुसार प्रदेश सरकार से समझौते के बाद पेपर चेकिंग का कार्य समय पर पूरा करने का संकल्प लिया है।
ये थी हसला की प्रमुख मांगें
हरियाणा स्कूल लेक्चरारों ने अपनी मांगें पूरी होने तक 12वीं के पेपर चेकिंग का सात नवंबर को पेपर चेक होने के दिन बहिष्कार कर दिया था।
5400 रुपये ग्रेड पे, नेट और पीएचडी धारक को कॉलेज कैडर का दर्जा देने और स्कूल लेक्चरर का प्रिंसिपल के पद पर प्रमोशन हसला की प्रमुख मांगें थी।
हसला प्रदेश अध्यक्ष दयानंद दलाल के अनुसार शिक्षा विभाग की वित्त आयुक्त डा. सुरीना राजन के बीच हुए समझौते में उनकी सभी मांगें 15 दिन में पूरी करने का भरोसा दिया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. केसी भारद्वाज ने बताया कि शनिवार से प्रदेश भर के सभी परीक्षा केंद्रों पर मार्किंग सुचारु रूप से शुरू हो गई।
बोर्ड का प्रयास है कि निर्धारित 25 दिसंबर के आसपास ही रिजल्ट घोषित किया जाए।