चार दिन पूर्व अपने पड़ोस की लड़की से हिसार के एक मंदिर में प्रेम विवाह कर लेने पर संदीप नामक युवक को मंगलवार उनके पिता बिल्लू राम ने सामाजिक रिश्ते तोड़कर सजा दी।
बिल्लू राम ने उकलाना के कार्यकारी मजिस्ट्रेट को दिए बयान में अपने पुत्र संदीप से तमाम तरह के सामाजिक रिश्ते तोड़ने की घोषणा की। अपने पुत्र को अपने नियंत्रण से बाहर बताते हुए बिल्लू राम ने संदीप को अपनी चल-अचल संपत्ति से भी बेदखल कर दिया।
बिल्लू के इस बयान की प्रभुवाला के नंबरदार भगवानदास ने भी पुष्टि की है। बिल्लू राम ने अमर उजाला टीम को बताया कि उसका पुत्र संदीप बरवाला में मोबाइल रिपेयर की दुकान करता था। चार दिन पूर्व उसे जानकारी मिली कि बिल्लू पड़ोस की एक लड़की के साथ गायब हो गया है।
लड़की के परिवार से हमारा कई पीढ़ियों से भाईचारा है। जांच-पड़ताल के बाद मालूम हुआ कि संदीप ने उक्त लड़की से हिसार में प्रेम-विवाह कर लिया है। यह खबर मेरे और मेरे परिवार के लिए सदमे जैसी रही। बिल्लू राम का कहना था कि संदीप पुत्र नहीं कुपुत्र है। उसने सामाजिक संस्कृति को तो तोड़ा ही है, हमारे वर्षों पुराने भाईचारे को भी ठेस पहुंचाई है।
बिल्लू राम ने कहा कि हो सकता है कानून इस रिश्ते को सही माने, मगर हम इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। इस प्रेम विवाह को लेकर गांव प्रभुवाला में सोमवार को पूर्व सरपंच धर्मपाल वर्मा की अध्यक्षता में कुम्हार बिरादरी की एक पंचायत हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि लड़के संदीप को मनाकर इस विवाह को तलाक में तबदील करवाया जाए।
गांव के कुछ मौजिज लोग लड़के से हिसार मिलने भी गए, जहां जाकर उन्हें मालूम हुआ कि प्रेमी जोड़ा प्रोटेक्शन हाउस में है। उसके बाद मौजिज लोग वापस लौट आए। ग्राम पंचायत के पूर्व पंच सत्यवान कहना है कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक ताना-बाना नष्ट करती है, लेकिन अभिभावक कुछ भी नहीं कर पाते।
पूर्व सरपंच धर्मपाल वर्मा ने कहा कि पंचायत ने दो वर्गों में भाईचारा कायम करने के लिए सहमति से फैसला लिया है, जिसमें दोनों बच्चों को समझाया जाएगा। बच्चे मान गए तो उनका तलाक करा लेंगे, जिससे गांव का भाईचारा बना रहेगा।
उकलाना थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया कि यह मामला हिसार पुलिस के पास है। हिसार पुलिस की ओर से ही प्रेमी जोड़े को सुरक्षा दी गई है। पंचायत के बारे में जानकारी नहीं है। किसी जबदरस्ती के फैसले को लागू नहीं होने देंगे।