हिसार। जीजेयू के सभागार में शनिवार को प्रस्तावित भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक को लेकर शुक्रवार किसानों ने विरोध जताया। इस दौरान किसान जीजेयू परिसर में धरने पर बैठ गए। किसानों ने कहा कि यूनिवर्सिटी परिसर में राजनीतिक दल की बैठक कराया जाना गलत है। विरोध के बाद कुलपति कार्यालय की ओर से किसानों को एक पत्र दिया गया, जिसमें बैठक रद्द करने की बात कही गई। इस पत्र पर कार्यकारी अभियंता के हस्ताक्षर हैं। इस पर किसानों ने कहा कि उन्हें भरोसा नहीं, अगर बैठक कराई गई तो वे विरोध करने आएंगे। वहीं, सुरक्षा के एहतियातन विवि के प्रवेश द्वार पर पुलिस बल को तैनात किया गया है।
भाजपा की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार 10 जुलाई को जीजेयू के सभागार में होनी है, जिसके लिए हॉल की बुकिंग भी कराई गई है। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़, जिला प्रभारी पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, जिले से विधायक डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक डॉ. कमल गुप्ता, विनोद भयाणा को शामिल होना था। शुक्रवार को किसानों को बैठक के बारे में जानकारी मिली। शाम करीब छह बजे किसानों का प्रतिनिधि मंडल जीजेयू परिसर पहुंचा।
किसान नेता विकास सीसर, संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधि सरदानंद राजली ने कहा यूनिवर्सिटी परिसर में राजनीति दल की बैठक कराना पूरी तरह से गलत है। शिक्षण संस्थाओं को राजनीति का अखाड़ा न बनाया जाए। यहां किसी दल का बोर्ड, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग नहीं लगाया जाना चाहिए। यूनिवर्सिटी भाजपा की बैठक के लिए दी गई अनुमति को रद्द करे। कृषि कानूनों के रद्द होने तक किसानों का विरोध जारी रहेगा।
परिसर में तैनात हुआ पुलिस बल
अधिकारियों के निर्देश अनुसार रात भर जीजेयू परिसर में पुलिस तैनात रहेगी। शनिवार को परिसर की सुरक्षा पुलिस के जिम्मे रहेगी। जानकारी के अनुसार परिसर में करीब 100 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस की अन्य टीमों को मीटिंग के चलते अलर्ट पर रखा गया है।
बैठक के स्थान को लेकर संशय
रविवार को होने वाली भाजपा की बैठक को लेकर देर रात तक संशय बना रहा। मीटिंग के स्थल को लेकर किसी के पास कोई जानकारी नहीं थी। भाजपा के अधिकतर पदाधिकारियों ने मीडिया के फोन नहीं उठाए। कुछ पदाधिकारियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए।