हांसी। बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन ने ऑनलाइन तबादला नीति में हांसी जिले के सैकड़ों पदों को कैप किए (उपलब्ध नहीं रखने) जाने के विरोध जताया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 7 अक्टूबर से महानिदेशक कार्यालय पर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया जाएगा।
जिला संयोजक अनिल यादव की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने हांसी के विधायक विनोद भयाना से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया और विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला संयोजक अनिल यादव ने बताया कि जारी रिक्त पदों की सूची में हांसी जिले के सैकड़ों पदों को कैप कर दिया गया है। इससे जिले में कार्यरत कर्मचारियों के अन्य जिलों में जाने की स्थिति बन रही है, जिसका स्थानीय लोगों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ सकता है।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रदीप कुमार ने कहा कि एसोसिएशन की मांग है कि कर्मचारियों को इधर-उधर करने के बजाय स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जाए। रिक्त पदों को नियमित भर्ती के माध्यम से भरा जाए ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हों।
उन्होंने बताया कि राज्य कार्यकारिणी ने 29 सितंबर को महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय पर सांकेतिक प्रदर्शन कर ज्ञापन भी दिया था लेकिन अभी तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रतिनिधिमंडल में एमपीएचडब्ल्यू अनिल यादव, कृष्ण यादव, अमरजीत और स्वास्थ्य निरीक्षक अजीत यादव मौजूद रहे।