फतेहाबाद । जिले में अपराधमुक्त माहौल कायम करने और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा ऑपरेशन हॉटस्पॉट डॉमिनेशन लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। अब तक की कार्रवाई में 131 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धांत जैन ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत अब तक जिले के 558 से अधिक संवेदनशील और चिह्नित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में गश्त, छापेमारी और इंटरसेप्शन को तेज किया गया है। सभी थाना और यूनिट स्तर पर गठित विशेष टीमों ने शहरी मोहल्लों, ग्रामीण इलाकों, बाजारों और नशा प्रभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।
अभियान का सीधा असर यह रहा कि कई संदिग्ध गतिविधियों को मौके पर ही रोका गया और अपराधियों में पुलिस का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीले पदार्थ, अवैध शराब, हथियार और नकदी बरामद हुई है। बरामदगी में 6080 नशीली गोलियां, 2.706 किलोग्राम अफीम, 428.49 ग्राम हेरोइन, 49.480 किलोग्राम डोडा पोस्त, 762 ग्राम गांजा, 71 बोतल अवैध शराब और 430 लीटर लाहन शामिल है। इसके अतिरिक्त 66,630 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
सात की संपति की गई कुर्क :
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियान के दौरान न केवल नशा तस्करों बल्कि हिंसक और संगठित अपराधियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई। 45 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, सात आरोपियों की संपत्ति कुर्क की गई, आठ आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किए गए, जबकि नौ आरोपियों के पासपोर्ट रद्द कराने के लिए संबंधित एजेंसियों को प्रस्ताव भेजे गए हैं। अंतरराज्यीय अपराध पर लगाम लगाने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय भी बढ़ाया गया है। इस दौरान 76 संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान किया गया, जिससे कई मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।