हिसार। अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने रविवार को ऑपरेशन आक्रमण के तहत सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान थानों और चौकियों से पुलिस टीमों के अलावा सीआईए स्टाफ व एंटी नारकोटिक की टीमें भी शामिल रही। सर्च अभियान के दौरान 49 टीमों का गठन किया गया। इस दौरान एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के आरोपी समेत 27 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के निर्देश पर बरवाला थाना पुलिस ने स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम के साथ मिलकर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी के वांछित आरोपी हांसी रोड बरवाला निवासी संदीप उर्फ संजीव को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर 12 से ज्यादा केस हरियाणा, पंजाब, राजस्थान के थानों में दर्ज हैं। इसके अलावा आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम तहत कुल 13 अभियोग अंकित कर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से हिसार पुलिस ने 123 बोतल अवैध शराब और 7450 रुपये बरामद किए है। हिसार पुलिस ने 2 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक हांडा ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, प्रबंधक थाना, चौकी प्रभारी व अपराध यूनिटों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने थाना क्षेत्र में गहनता से जांच करें।