हांसी। नागरिक अस्पताल में सोमवार को पांच नए चिकित्सकों में से एक चिकित्सक ने ज्वाइन कर लिया। एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. नेहा ने सोमवार से कार्यभार संभाल लिया। वहीं आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अभिषेक अस्पताल देखने के लिए पहुंचे। वहीं एक अन्य चिकित्सक यहां के चिकित्सा अधिकारियों को ज्वाइनिंग करने के लिए अनौपचारिक तौर से मना कर चुकी हैं।
आगामी दिनों में पता लगेगा कि कितने चिकित्सक यहां पर ज्वाइन करते हैं। एसएमओ डॉ. राजीव डाबला मंगलवार को कार्यभार संभाल सकते हैं। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बीते सप्ताह प्रदेश में 533 नए चिकित्सकों की नियुक्तियां की गई है।
जिसमें से हांसी के नागरिक अस्पताल को पांच चिकित्सक मिले हैं। यहां डॉ. स्वीटी धानिया, डॉ. विशेष न्यौलिया, डॉ. अभिषेक, डॉ. प्रिया गोयल व डॉ. नेहा की नियुक्ति के आदेश हुए हैं। इसमें से डॉ. स्वीटी धानिया नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। नियुक्ति के दौरान इन नए चिकित्सकों को तुरंत प्रभाव से ज्वाइनिंग के लिए कहा गया था। जिसमें से सोमवार को केवल एक चिकित्सक ने ही ज्वाइन किया। अभी अन्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का इंतजार है। वहीं नए चिकित्सकों से नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों की कमी दूर होगी। जिससे मरीजों को लाभ होगा व उन्हें उपचार के लिए हिसार नहीं जाना पड़ेगा।
विशेषज्ञों की मांग की थी
नए चिकित्सकों की नियुक्ति से पहले विभाग के अधिकारियों ने अस्पताल के चिकित्सकों की कमी के चलते एसएमओ से मांग पूछी थी। जिसमें एसएमओ ने नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन, फिजिशियन व एमबीबीएस चिकित्सक की मांग की गई थी। नागरिक अस्पताल में 11 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। जिसमें से दो चिकित्सक यहां कार्यभार संभाल रहे हैं। एक चिकित्सक डॉ. संजय वर्मा को जिला टीबी इंचार्ज बनाया हुआ है।
-सोमवार को एक चिकित्सक डॉ. नेहा ने ज्वाइन कर लिया है। अन्य चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का इंतजार है। नए चिकित्सकों की नियुक्ति से यहां कार्यरत चिकित्सकों पर वर्क लोड कुछ कम भी होगा।-
डॉ. राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल