पाबड़ा में खेल नर्सरी में फिजिबिलिटी जांचते हुए कोच।
हिसार। जिले में खोली जाने वाली खेल नर्सरियों के आवेदन की अंतिम तिथि सोमवार को खत्म हो गई। विभाग के पास कुल 400 आवेदन पहुंचे। अभी तक खेल विभाग के कोच की ओर से 329 नर्सरियों की फिजिबिलिटी जांच जा चुकी हैं। अब जिला खेल अधिकारी नरेश कुमार दस्तावेज चेक करेंगे। इसके बाद पोर्टल पर नर्सरियां अपलोड की जाएंगी। मई में नर्सरियां शुरू होने की उम्मीद है।
बता दें, कि खेल विभाग की ओर से पहले 15 मार्च आवेदन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। विभाग के पास 15 मार्च तक 329 आवेदन आए थे। मगर बाद मुख्यालय की ओर से 31 मार्च तक आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई। खेल विभाग के पास 15 मार्च से लेकर 31 मार्च तक आए आवेदन के बाद अब मंगलवार से फिजिबिलिटी जांचने के लिए कोच की ड्यूटी लगाई जाएगी।
खेल विभाग की ओर से पिछले साल जिले में 87 खेल नर्सरियां अलॉट की गई थी। विभाग की ओर से नर्सरी के तहत अभ्यास करने वाले खिलाड़ियाें को डाइट राशि मिलेगी। नर्सरी में 8 साल 14 साल तक और 15 से 19 साल तक के खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे। पहली बार नर्सरियों में बायोमेट्रिक से कोच और खिलाड़ियों की हाजिरी लगाई जाएगी।
मानकों पर खरा उतरने वाले संचालकों को ही नर्सरियां अलॉट की जाएगी। नर्सरियाें के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि अब समाप्त हो चुकी है। फिजिबिलिटी जांचने के लिए कोच की ड्यूटी लगाई जाएगी।
- नरेश कुमार, जिला खेल अधिकारी