पानी को लेकर हाय तोबा मचनी शुरू हो गई है। गांव तलवंडी राणा में एक महिला का सास और जेठानी ने मिलकर इसलिए सिर फोड़ दिया कि उसने उनके वाटर टैंक से एक मटका पानी निकाल लिया। महिला के सिर में गहरी चोट आई है। महिला के सिर पर फूंकनी (लोहे की पाइप) से वार किया गया। घायल को उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घायल महिला सुदेश और उनके पति जंगीर सिंह ने बताया कि पानी को लेकर विवाद हो गया। घर में पीने का पानी नहीं था। सुदेेश ने घर में बने वाटर टैंक से एक मटका पानी निकाल लिया। पानी निकालकर रखा ही था कि सास और जेठानी उसके साथ झगड़ा करने लगी और मटका उठाकर वापस वाटर टैंक में डाल दिया और कहा कि पानी वैसे ही नहीं आ रहा। थोड़ा पानी ही शेष है। जब मटका उठाकर वापस डालने का विरोध किया गया तो सास और जेठानी उस पर झपट पड़ी। एक ने उसे पकड़ लिया और दूसरी ने उसके सिर में फूंकनी दे मारी। महिला को सिर में गहरी चोट आई है। मामले की सूचना उसने फिर अपने पति को दी। पति जंगीर हिसार आए हुए थे। उसने फिर अपनी पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।