बस स्टैंड पर निजी बस में बैठते हुए महिला यात्री।
हिसार। सरकारी योजना के तहत पास से यात्रा करने वाले छात्र, बुजुर्ग, दिव्यांग सहित अन्य श्रेणी के यात्रियों को बसों में नहीं बैठाने वाले निजी बस संचालकों पर जिला आरटीए ने शिकंजा कस दिया है। वीरवार को जिले के विभिन्न रूटों पर चेकिंग के दौरान नारनौंद रूट पर छात्र-छात्राओं के पास होने के बावजूद टिकट काटने पर एक निजी बस का चालान काटकर उसे जब्त किया गया। इसके साथ ही विभिन्न रूटों पर बस पास का लाभ न देने पर पांच बसों के चालान काटकर पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना किया गया।
प्रदेश सरकार ने छात्र-छात्राओं, बुजुर्ग, दिव्यांग सहित 30 श्रेणी के यात्रियों के लिए सरकारी व निजी बसों में पास यात्रा योजना लागू की हुई है। बावजूद इसके कई निजी बस संचालक इन श्रेणी के यात्रियों को बसों में नहीं बैठा रहे थे। 29 अप्रैल को सरकार ने आदेश जारी कर बस संचालकों को इन सभी श्रेणी के यात्रियों को पास का लाभ देने के निर्देश दिए। आरटीए अधिकारियों को आदेश जारी किए गए कि नियम का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के खिलाफ चालान काटा जाए, बस जब्त की जाए और परमिट रद्द करने तक की कार्रवाई की जाए। शिकायत मिलने पर सहायक अधिकारी आरटीए हिसार हरमेंद्र सिंह के नेतृत्व में चार टीमों ने वीरवार को रूटों पर सख्ती दिखाते हुए चेकिंग की।
हरमेंद्र सिंह की टीम ने नारनौंद रूट पर चेकिंग के दौरान एक बस में बुजुर्ग और छात्र-छात्राओं के पास होने के बावजूद टिकट काटे जाने पर पांच हजार रुपये का चालान काटकर बस को जब्त किया। यात्रियों के टिकट का किराया भी लौटवाया गया।
पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया
हिसार-दिल्ली रूट के कैंट के पास दो निजी बसों के चालक व परिचालक ने स्कूल व कॉलेज के बच्चों के पास होने के बावजूद टिकट काटी। आरटीए टीम ने इन बसों का पांच-पांच हजार रुपये का चालान किया और 20 बच्चों का किराया वापस करवाया। शिकायत मिलने पर अन्य तीन बसों के चालान भी किए गए।
सरकारी आदेश के अनुसार निजी बस संचालकों को बस पास सेवा एवं अन्य योजनाओं के तहत यात्रियों को मुफ्त यात्रा लाभ देना अनिवार्य है। आरटीए टीम ने कई रूटों पर चेकिंग शुरू की है। इस दौरान एक बस को जब्त किया गया। इसके साथ ही पांच बसों के चालान काटे गए हैं। कुछ बसों के चालक व परिचालक चेतावनी देकर छोड़े गए हैं। उनके खिलाफ फिर से शिकायत मिलने पर परमिट रद्द कर दिया जाएगा।
- हरमेंद्र सिंह, सहायक अधिकारी, आरटीए हिसार।