जिंदल अस्पताल की स्टॉफ नर्स के साथ शुक्रवार सुबह कुछ मनचले युवकों ने छेड़छाड़ की और अपहरण करने का प्रयास किया। नर्स के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे जिंदल अस्पताल के डॉ. राजेश ने जब युवकों को ऐसा करने से रोका तो तब युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
ऐसे में डॉक्टर ने हिम्मत नहीं हारी और एक हमलावर को धर दबोचा। वहीं नर्स के शोर मचाने पर जिंदल रोड पर गुजर रहे लोग इकट्ठा हो गए और डॉक्टर को गंभीर हालत में जिंदल अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर युवक को अपने कब्जे में ले लिया और सिविल लाइन थाने ले गई।
घटना सुबह करीब साढे़ आठ बजे की है। जिंदल अस्पताल की एक स्टॉफ नर्स अपनी नाइट ड्यूटी खत्म कर अस्पताल से कुछ दूरी पर खालसा अपार्टमेंट में जा रही थी।
तभी जिंदल रोड स्थित तिकोना पार्क के पास अचानक दो-तीन युवक आए और उन्होंने नर्स के साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी और अभद्र शब्दों का प्रयोग करने लगे। जब नर्स ने कोई जवाब नहीं दिया तो एक लड़के ने उसका दुपट्टा खींच लिया और उसे जबरदस्ती अपने साथ ले जाने लगे।
अचानक हुई इस घटना से घबराई नर्स ने कुछ ही दूरी पर नाइट ड्यूटी कर घर वापस जा रहे डॉ. राजेश को आवाज लगाई। डॉक्टर ने पहले लड़कों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने अपने एक और साथी को बुलाया और रॉड से डॉक्टर राजेश पर हमला कर दिया।
ऐसे में नर्स द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग डॉक्टर को बचाने दौड़ पड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख जब हमलावर भागने लगे तो डॉक्टर ने एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया। सिर में गहरी चोट लगने से डॉ. राजेश पूरी तरह से खून में लथपथ हो गए। लोगों ने उसे तुरंत जिंदल अस्पताल में पहुंचाया। लोगों ने डॉ. द्वारा पकडे़ गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
घायल डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि वह जिंदल अस्पताल के आईसीयू में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। घटना के समय वह अपनी नाइट ड्यूटी खत्म करके घर जा रहे थे। उनके साथ एक और मेडिकल अफसर डॉ. सुनील भी था।
वह तिकोना पार्क के पास पहुंचे ही थे कि नर्स ने आवाज लगाई। उन्होंने बताया कि उनकी आवाज सुनकर जब मैं वहां पर गया तो कुछ लड़के नर्स के साथ जबरदस्ती कर रहे हैं और छेड़छाड़ कर रहे हैं। जब मैंने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो उन युवकों ने मेरे साथ रॉड से मारपीट करनी शुरू कर दी। चोट लगने के बाद भी मैंने भागते युवकों में से एक आरोपी युवक को दबोच लिया।
पीड़ित नर्स ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले कई दिनों से एक युवक उसे ड्यूटी खत्म होने के बाद अस्पताल से बाहर निकलने पर तंग कर रहा था। मैं शुक्रवार सुबह ड्यूटी खत्म कर अपने घर जा रही थी तो वही युवक अपने दो-तीन साथियों के साथ आया और मुझे जबरदस्ती उठाने का प्रयास किया। तब मैंने वहां से जा रहे अपने जिंदल अस्पताल के डॉक्टरों को बचाने के लिए बुलाया।
उन्होंने मुझे बचाने का प्रयास किया तो लड़कों ने डॉ. राजेश के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान मैं पास ही खोखे की आड़ में छिप गई और शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों को अपनी ओर आते देखकर युवकों ने डॉक्टर से मारपीट करनी बंद कर दी।