नागरिक अस्पताल में डिप्टी सीएमओ डॉ. सुभाष खतरेजा कर्मचारियों की बैठक लेते।
हिसार। जिले में लगातार डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को भी डेंगू बुखार के 9 नए मामले सामने आए हैं। डेंगू मरीजों की संख्या अब 407 हो गई है। नागरिक अस्पताल के डेंगू वार्ड में पांच बेड पर मच्छरदानी लगाई गई है। वार्ड में दो मरीजों का उपचार चल रहा है।
5301 घरों में दिए जा चुके हैं चेतावनी नोटिस
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि इस सीजन में डेंगू बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों की बैठक ली गई। बैठक के दौरान कर्मचारियों को आदेश दिए कि वे डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों की लाइव लोकेशन शेयर करेंगे। इसके अलावा डेंगू सीजन के पीक को देखते हुए एक्टिव सर्विलांस को और भी ज्यादा बढ़ाना है। प्रवासी मजदूरों की ज्यादा से ज्यादा ब्लड स्लाइड बनानी है। जिन घरों में डेंगू का लारवा मिल रहा है उन घरों में नोटिस देना है।
उन्होंने बताया डेंगू से निपटने के लिए 202 टीमें बनाई हुई हैं। टीमों द्वारा अभी तक 5301 घरों में लारवा मिलने पर चेतावनी नोटिस दिए जा चुके हैं। अभी तक डेंगू बुखार के 407 और मलेरिया के 21 मामले सामने आ चुके हैं। विभाग की तरफ से जहां से डेंगू बुखार के मामले सामने आ रहे हैं वहां पर फॉगिंग कराई जा रही है। बैठक के दौरान नोडल अधिकारी डॉ. रवि चौहान, डॉ. दीपिका, सुखबीर सिंह, जितेंद्र मलिक, सत्यवीर,जगदीप मान आदि मौजूद थे।
डेंगू वार्ड में पांच बेड की व्यवस्था
नागरिक अस्पताल परिसर में डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए अलग से डेंगू वार्ड बनाया गया है। इस वार्ड में पांच बेड की सुविधा है। हर बेड पर मच्छरदानी लगाई गई है। वार्ड में भर्ती मरीजों को निशुल्क प्लेटलेट्स चढ़ाई जाती है। उन्होंने बताया कि बुखार होने पर तुरंत डेंगू की जांच करवानी चाहिए ताकि समय रहते डेंगू बुखार का पता चल सकें।