हिसार। नियाणा रूट पर शनिवार को भी ई-सिटी बस का ट्रायल लिया गया। ट्रायल के दूसरे दिन एक चक्कर में रोडवेज को 450 रुपये की आमदनी हुई है।
सवारियों का अच्छा रिस्पोंस मिलने के कारण अब एक सप्ताह तक इसी रूट पर ट्रायल लिया जाएगा। रोडवेज को पांच ई-सिटी बसें मिलने के बाद नियाणा रूट पर नियमित बस शुरू की जाएगी। ग्रामीणों ने सुबह साढ़े 8 बजे इस रूट पर बस चलाने की मांग की है।
फिलहाल शहर में पांच ई-सिटी बसें गंगवा और आधार अस्पताल रूट पर चलाई जा रही हैं। इन बसों के प्रति शहरवासियों का रुझान बढ़ता जा रहा है। इसी को देखते हुए रोडवेज अब अलग-अलग रूट पर बसों का ट्रायल ले रहा है। अभी तक कैंट, कैमरी और नियाणा रूट पर ट्रायल लिया गया।
तीनों में से नियाणा रूट पर सबसे ज्यादा सवारियां मिली हैं। नियाणा रूट पर 10 से ज्यादा स्टॉपेज पर बस रुक रही हैं। हर स्टॉपेज पर सवारियां मिल रही हैं। ऐसे में अब इस रूट पर एक सप्ताह तक ट्रायल लेने का निर्णय लिया गया है ताकि लोगों को भी ई-सिटी बस के बारे में जानकारी मिल सके।