फतेहाबाद। जिले में अब भूमि की निशानदेही का काम बाहरी एजेंसियों पर निर्भर नहीं रहेगा। राजस्व विभाग ने जिले के सर्कल पटवारियों को 15 रोवर मशीनें अलॉट की हैं। ये मशीनें तहसीलदार के अधीन कार्य करेंगी और पटवारियों को किसानों व आम नागरिकों की जमीन की सटीक निशानदेही में मदद करेंगी।
किसानों और नागरिकों को किसी भी कृषि या गैर-कृषि भूमि की निशानदेही के लिए अब राजस्व विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन संबंधित तहसीलदार को प्राप्त होने के बाद, कानूनगो और पटवारी उस स्थान की सीमांकन प्रक्रिया पूरी करेंगे। राजस्व विभाग ने रोवर मशीनों और डिजिटल मैपिंग की पूरी ट्रेनिंग मई महीने में जिले के सर्कल पटवारियों और कानूनगो को दी थी। ट्रेनिंग में भूमि के सीमांकन, रियल-टाइम डेटा रिकॉर्डिंग और भू-नक्शा पोर्टल पर डेटा अपलोड करने के तरीके सिखाए गए। संवाद
निशानदेही का शुल्क तीन श्रेणियों में तय
कृषि भूमि:
पहली एकड़ तक: 1000 रुपये
अतिरिक्त प्रति एकड़: 500 रुपये
स्थानीय कमीशन शुल्क: 500 रुपये
गैर-कृषि भूमि (जैसे फार्महाउस):
पहली एकड़ तक: 2000 रुपये
अतिरिक्त प्रति एकड़: 500 रुपये
स्थानीय कमीशन शुल्क: 500 रुपये
शहरी क्षेत्र:
500 वर्ग गज तक: 2000 रुपये
500 वर्ग गज से अधिक: 3000 रुपये
स्थानीय कमीशन शुल्क: 1000 रुपये
अब राजस्व विभाग की ओर से भी निशानदेही करवा सकते हैं। इसको लेकर राजस्व विभाग के सिटीजन वाले ऑग इन पर जाकर आवेदन करना होगा। सरकार की ओर से निशानदेही को लेकर अलग-अलग रेट तय किए गए हैं। - श्याम लाल, जिला राजस्व अधिकारी, फतेहाबाद।