हिसार। शहर में बिजली उपभोक्ताओं को कटौती से राहत देने के लिएव दिसंबर 2026 तक नगर निगम एरिया में 33 केवी क्षमता के चार सब स्टेशन बनाए जाएंगे। इनके अलावा 132 केवी क्षमता का भी एक सब स्टेशन बनाया जाएगा। इन पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिले का पहला गैस इंसुलेटेड सब स्टेशन (जीआईएस) सेक्टर-16 में बनाया जाएगा। इस पर 12 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पांचों सब स्टेशन के बनने से करीब एक लाख उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।
शहर में बिजली की निर्बाध आपूर्ति के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम 33 केवी क्षमता के चार नए सब स्टेशन प्रस्तावित किए हैं। पिछले दिनों बिजली निगम के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में इन प्रस्तावों पर मंथन किया गया और तय किया कि सब स्टेशन का काम दिसंबर 2026 तक पूरा कराया जाए।
सेक्टर-16 में पहला जीआईएस बनाया जाएगा, जिसमें बेहद कम जमीन की जरूरत होगी। सामान्य सब स्टेशन तीन एकड़ में बनाया जाता है जबकि यह एक एकड़ जमीन पर ही बन जाएगा।
इसे एक साल में पूरा करने की योजना है। इस सब स्टेशन के बनने से सेक्टर-13, सेक्टर-16, राजगढ़ रोड, सेक्टर-15 की आबादी को बिजली कटों से राहत मिलेगी।
दूसरा 33 केवी सब स्टेशन कैमरी रोड पर बनाया जाना है। इस पर 6.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस सब स्टेशन के निर्माण से कैमरी रोड, आजाद नगर, कैमरी गांव के बिजली उपभाेक्ताओं को राहत मिलेगी।
तीसरा 33 केवी सब स्टेशन एचएयू परिसर में बनाया जाना है, जिससे बालसमंद रोड, आर्य नगर, चंदन नगर के उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इस सब स्टेशन के निर्माण के लिए जिस कंपनी को टेंडर दिया था वह कंपनी अब तक काम शुरू नहीं कर सकी।
इसके चलते कंपनी को ब्लैक लिस्ट कर दूसरी कंपनी को काम सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। चौथा सब स्टेशन ऑटो मार्केट एरिया में बनाया जाना है, जिसके लिए अभी जगह प्रस्तावित की जानी है।