बास अकबरपुर में जाम लगाकर बैठे लोग।
बास। गांव बास अकबरपुर में बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार देर शाम साढ़े 7 बजे चंडीगढ़-भिवानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। उमस भरी गर्मी और विभागीय लापरवाही से परेशान ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनदीप सिंह ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर राजेश बामल को मौके पर बुलाया गया। जेई ने तुरंत कर्मचारियों को भेजकर ट्रांसफार्मर की मरम्मत शुरू करवाई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद रात साढ़े 8 बजे बिजली बहाल कर दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने रास्ता खोल दिया।
इससे पहले ग्रामीणों ने बताया कि करमचंद मेमोरियल स्कूल के सामने वाली गली में लगे ट्रांसफार्मर में दोपहर को फाॅल्ट आ गया था। कई बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग से कोई नहीं आया। दिनभर उमस भरी गर्मी से परेशान ग्रामीण सत्यवान, जयबीर, कर्मवीर, राहुल, वीरेंद्र, सतबीर, निर्मला देवी, मीना, कृष्णा, उषा व अन्य चंडीगढ़-भिवानी रोड पर पहुंचे और रास्ता रोक प्रदर्शन किया। समस्या का हल होने पर ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय पर विभाग कार्रवाई करता, तो सड़क जाम की नौबत नहीं आती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही हुई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। वहीं, बिजली निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।